पर्वतीय विकास को नई गति, चमियाला पार्किंग एवं डीडीहाट टैक्सी स्टैंड के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Date/02/03/2026

देहरादून। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, यातायात व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने तथा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विकास परियोजनाओं की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में आवास विभाग द्वारा लंबित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जनपद टिहरी गढ़वाल के तहसील बालगंगा अंतर्गत चमियाला बहुद्देश्यीय पार्किंग निर्माण परियोजना तथा जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट टैक्सी स्टैंड निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा लंबित औपचारिकताओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

भूमि विवाद सुलझने के बाद चमियाला पार्किंग परियोजना को मिली नई रफ्तार

नगर पंचायत चमियाला में प्रस्तावित बहुद्देश्यीय पार्किंग परियोजना लंबे समय से भूमि संबंधी तकनीकी कारणों से लंबित थी। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना हेतु 166.93 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें से 100.158 लाख की प्रथम किश्त पूर्व में ही अवमुक्त की जा चुकी है। समीक्षा बैठक में अवगत कराया गया कि पार्किंग निर्माण हेतु कुल 340 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गई थी, जिसमें पर्यटन विभाग एवं स्थानीय व्यापार मंडल की भूमि सम्मिलित थी। प्रारंभिक प्रस्ताव में भूमि स्वामित्व से संबंधित स्पष्टता न होने के कारण निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका था। अब नगर पंचायत चमियाला एवं व्यापार मंडल के मध्य आपसी समन्वय और सहमति बनने के बाद परियोजना को नई गति मिली है। व्यापार मंडल द्वारा मीटिंग हॉल एवं शौचालय निर्माण की शर्त पर भूमि उपलब्ध कराने की सहमति प्रदान किए जाने से निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है। आवास सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *