जल संकट से परेशान होकर लोगों ने किया जल संस्थान कार्यालय पर प्रदर्शन

Date/24/03/2026

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय से सटे खेड़धार क्षेत्र में इन दिनों जल संकट ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। हालात ये हैं कि पिछले कई दिनों से घरों के नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंच रही है।. ऐसे में मजबूर होकर ग्रामीणों ने जल संस्थान विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से सटे खेड़धार क्षेत्र में ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। सूखे नल और खाली बर्तन लोगों की बेबसी की कहानी बयां कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उनकी जमीनों पर कलेक्ट्रेट और विकास भवन का निर्माण किया गया था, तब प्रशासन ने नियमित पेयजल आपूर्ति का वादा किया था, लेकिन आज स्थिति ये है कि न केवल वो वादा अधूरा रह गया है, बल्कि जल संस्थान की लापरवाही से समस्या और भी विकराल होती जा रही है। विभाग हर बार लाइन ठीक होने का आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं देता। जल पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान विभागीय कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की आपूर्ति न होने से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। दूर से पानी ढोने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *