Date/31/03/2026
देहरादून। सूबे में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में छात्र-छात्राओं के लिये रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्राविधिक शिक्षा विभाग पॉलीटेक्निक छात्र-छात्राओं के कैम्पस प्लेसमेंट के लिये वृहद स्तर पर रोजगार मेलों का आयोजन कर रहा है। जिसके तहत गढ़वाल व कुमाऊं मण्डल में पृथक-पृथक रोजगार मेले आयोजित किये जायेंगे। इन विशेष रोजगार मेलों में 70 बहुराष्ट्रीय कम्पनियां प्रतिभाग करेंगी। गढ़वाल मंडल के अंतर्गत आगामी 02 अप्रैल को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान पित्थुवाला देहरादून में संयुक्त कैम्पस प्लेसमेंट शिविर लगेगा, जिसमें पॉलीटेक्निक संस्थानों में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विभिन्न ट्रेडों के 1200 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगी।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों पर छात्र-छात्राओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। इसके लिये गढ़वाल व कुमाऊं मण्डल में दो बड़े रोजगार मेले आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें प्रदेशभर के राजकीय एवं सहायता प्राप्त पॉलीटेक्निक संस्थानों में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विभिन्न ट्रेडों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे ताकि उन्हें अपने कौशल के अनुरूप बेहतर रोजगार मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 02 अप्रैल को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान पित्थुवाला देहरादून में मेगा कैम्पस प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जायेगा। जिसमें गढ़वाल मंडल के 39 राजकीय एवं सहायता प्राप्त पॉलीटेक्निक कॉलेजों में संचालित सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलैक्ट्रानिक्स, इलैक्ट्रीकल, आईटी, सीएसई, फार्मेसी, सीसीएन, एआईएमएल, इन्सट्रूमेंट एंड कन्ट्रोल आदि पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के 1200 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। जिसमें से लगभग 1000 छात्र-छात्राओं ने अपना पंजीकरण करा लिया है। इसके अलावा कैम्पस प्लेसमेंट में पॉलीटेक्निक कॉलजों से पास आउस हो चुके ऐसे छात्रों को भी शामिल किया जा रहा है जो अभीतक रोजगार से वंचित हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले में टीवीएस मोटर्स, रिलाइंस जियो, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, अपोलो फर्मेसी, अकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स, एटीएल बैटरी टेक्नोलॉजी, हॉयर अप्लायंसेज, आशेका ली-लैंड, हैवल्स जैसी 70 प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। जो साक्षात्कार, लिखित परीक्षा एवं कौशल परीक्षण के आधार पर छात्र-छात्राओं का चयन करेगी। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत दूसरा रोजगार मेला कुमाऊं मंडल में आयोजित किया जायेगा, जिसमें वहां के पॉलीटेक्निक कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी समान अवसर प्राप्त होंगे।