Date/05/04/2026
मसूरी। ईस्टर के पावन पर जहां सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया वहीं मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बच्चों के लिए ईस्टर एग हंट का मनोरंजक कार्यक्रम रखा गया व बच्चों को उपहार वितरित किए गये।
ईस्टर का पर्व ईसाई समुदाय ने पूरे उत्साह के साथ मनाया व चर्चों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया व उसके बाद मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बच्चों के लिए ईस्टर एग हंट प्रातियोगिता रखी गयी, हालांकि अन्य कार्यक्रम भी रखे गये थे लेकिन बारिश होने के कारण कार्यक्रम को सीमित कर दिया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में बच्चों ने ईस्टर हंट प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया व आस पास के क्षेत्र में छिपाये गये ईस्टर एग को ढूढा गया। वहीं सभी बच्चों को एसोसिएशन की ओर से उपहार दिए गये। इस मौके पर चर्च के पास्टर रैबरन विवेक साइमन चंद्र ने बताया कि प्रभु यीशु मसीह ने जब अपनी जान क्रूज पर दी तो तीन दिन बाद आज के दिन प्रभु यीशु मृत्यु के बाद जी उठे व आसमान में चले गये उसकी खुशियां ईसाई समाज मनाता है व विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि ईसाई समुदाय एक दूसरे के साथ प्यार बांटने में विश्वास रखता है व सभी को प्यार व शांति का संदेश देते है इस मौके पर अन्य धर्म के लोगों के लिए भी चर्च के द्वार खोले जाते हैं ताकि सभी मिलकर इस पर्व को मनाये व आपस में सदभाव व प्यार बना रहे। इस मौके पर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ष की भांति ईस्टर पर्व पर बच्चों के साथ इस पर्व को मनाया जाता है। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। उन्होंने कहाकि यह पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है यह पर्व बुराई पर सत्य व अच्छाई की जीत का पर्व है व समुदाय के लोग चालीस दिन तक उपवास रखते है व आज के दिन प्रभु यीशु के जी उठने पर खुशियां मनाते हैं। इस पर्व के साथ ही स्प्रिंग सीजन की शुरूआत भी होती है। इस मौके पर महामंत्री जगजीत कुकरेजा, उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नागेंद्र उनियाल, सहसचिव सलीम अहमद, राजेश शर्मा सहित प्रेम सिंह, नीरज, सुनील मंणि, राजू यहूना, रोहित प्रसाद, आनंद,सहित बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग मौजूद रहे।