22 अप्रैल से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा, 4.73 लाख श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण: प्रशासन ने कसी कमर

Date/11/04/2026

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। यह जानकारी जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त प्रेस वार्ता में दी। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। टीमें लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं और हर व्यवस्था की बारीकी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 4,73,168 श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। यात्रियों की सुविधा के लिए सोनप्रयाग स्थित पंजीकरण केंद्र को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है, जहां प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित होगी।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीर है। यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई के लिए सुलभ संस्था के 245 तथा नगर निकायों के 200 से अधिक पर्यावरण मित्र तैनात किए गए हैं। कूड़ा प्रबंधन और शौचालय व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। आवास व्यवस्था के तहत लगभग 50 प्रतिशत होटल बुक हो चुके हैं। हेली सेवाओं के संचालन के लिए गुप्तकाशी और शेरसी से 2-2 तथा फाटा से 4 सेवाएं संचालित होंगी। इनके लिए पंजीकरण 11 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। प्रशासन द्वारा हेली सेवाओं को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *