Date/23/04/2026
देहरादून। नागरिक नागरिक सुरक्षा एयर रेड/ब्लैक आउट के सम्बन्ध में महानिदेशालय अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं गृहरक्षक, गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुसार 24 अपै्रल को रात्रि में 10 बजे आयोजित की जाने वाले मॉक अभ्यास के सम्बन्ध में जिलाधिकारी/अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण सविन बसंल के निर्देशोंके अनुपालन में सम्बन्धित रेखीय विभागों के अधिकारियों के साथ एनआईसी सभागार में टेबल टॉप बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेखीय विभाग एवं तहसील स्तर पर (तहसील सदर) गठित आईआरएस नामित अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी, समन्वय एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है, ताकि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जनपद अंतर्गत शहर के चिन्हित प्रमुख 4 स्थानों आईएसबीटी, डिल रायपुर, घंटाघर एवं आराघर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। रात्रि 10ः05 बजे से इन क्षेत्रों में लगभग 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा, जिसके अंतर्गत स्ट्रीट लाइट, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। मॉक ड्रिल प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाया जाएगा, जिससे आमजन को संकेत प्राप्त हो सके।
माकड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिक सुरक्षा संगठन की तैयारी एवं क्षमता का मूल्यांकन, ब्लैकआउट एवं चेतावनी प्रणाली का परीक्षण,विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को परखना है। मॉक ड्रिल के सफल संचालन हेतु जिला स्तर पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (इओसी) की स्थापना की गई है। इसके साथ ही विभिन्न चिन्हित स्थलों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। दूरसंचार, मोबाइल, वायरलेस एवं हॉटलाइन माध्यमों से सतत संपर्क बनाए रखा जाएगा। सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी 24×7 कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि यह एक पूर्व निर्धारित मॉक अभ्यास है, अतः किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें। अभ्यास के दौरान प्रशासन को सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।