Date/15/06/2026
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना सच हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड भी नवोदय का संकल्प पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज तेजी से विकास कर रहा है। उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनपद में अपने दो दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन सोमवार को स्थानीय प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का जो विजन आकार ले रहा है, उसका प्रभाव देश के हर राज्य में दिखाई दे रहा है। यदि हम उत्तराखंड की बात करें तो देवभूमि उत्तराखंड के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाने योग्य साबित हुआ है। केंद्र सरकार के सहयोग से आज उत्तराखंड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। तेरह हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे ने दिल्ली और देहरादून के बीच दूरी और समय, दोनों को कम कर दिया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रही है। प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। उत्तराखंड में हवाई सेवाएं सुदृढ़ हुई हैं। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा चुका है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में अट्ठारह हैली पोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से बारह पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। वर्ष 2022 तक जहां राज्य में केवल दो हैली पोर्ट थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर सात हो चुकी है। हेलीपैड की संख्या भी लगभग दोगुनी होकर 118 तक पहुंच गई है।
कैबिनेट मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के मार्गदर्शन में पर्वतमाला परियोजना के माध्यम से उत्तराखंड में रोपवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। 408 की धनराशि से सोनप्रयाग से केदारनाथ और 2730 की लागत से गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश के पर्यटन और तीर्थाटन को नई दिशा मिलेगी। चारधामों के साथ-साथ उत्तराखंड के प्राचीन मंदिरों के पुनरोद्धार और पुनर्विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के अन्तर्गत कई कार्य किये जा रहे हैं। बदरीनाथ धाम को स्मार्ट अध्यात्मिक टाउन के रूप में विकसित करने हेतु दो सौ पचपन करोड़ की योजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से 3808 (तीन हजार आठ सौ आठ करोड़) की जमरानी बांध, 2600 (दो हजार छह सौ करोड़) की सौंग बांध और 3966 (तीन हजार नौ सौ छियासठ करोड़) की लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से धर्मनगरी को खेल भूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। बीस करोड़ की लागत से सिटी स्पोर्ट्स काम्प्लैक्स का निर्माण किया गया है। विकास प्राधिकरण द्वारा 1317.08 लाख की लागत से जनपद में रोड़ी पार्किंग का विकास कार्य एवं सौन्दर्यकरण का कार्य किया गया। हरिद्वार जनपद में एक लाख से अधिक कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्राप्त हो रही है।