Date/07/07/2026
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में बीते पांच वर्षों के दौरान सुशासन, पारदर्शिता और विकास को नई गति मिली है। इसी विकास यात्रा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे “सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह” के अंतर्गत सोमवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) सभागार में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में धामी सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, शहरी विकास, पर्यटन, आवास और जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं तथा महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारियों, प्राधिकरण के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने प्रतिभाग कर उत्तराखंड की बदलती विकास यात्रा को नजदीक से देखा।
मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार 4 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह” मनाया जा रहा है। यह सप्ताह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, सुशासन की पहलों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। सप्ताह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विशेष कार्यक्रमों, जनजागरूकता अभियानों और प्रदर्शनी आयोजनों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को आमजन के सामने रखा जा रहा है। इसी क्रम में सेवा सप्ताह के तीसरे दिन एमडीडीए सभागार में आयोजित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जहां सड़क, रेल, रोपवे, उड़ान योजना और अन्य प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत की गई।
प्रदर्शनी में उत्तराखंड में तेजी से विकसित हो रहे आधारभूत ढांचे की झलक प्रस्तुत की गई। इसमें सड़क, रेल, रोपवे, हवाई संपर्क, शहरी विकास, आवास, पर्यटन और अन्य वृहद अवस्थापना परियोजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गईं। विभिन्न डिस्प्ले पैनलों और सूचना सामग्री के माध्यम से नागरिकों को बताया गया कि किस प्रकार राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधाओं से जोड़ने, पर्यटन को बढ़ावा देने और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदर्शनी में चारधाम ऑल वेदर रोड, रेल कनेक्टिविटी परियोजनाओं, रोपवे योजनाओं, क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (उड़ान), शहरी बुनियादी ढांचे के विकास तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। आगंतुकों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास कार्यों और परियोजनाओं में विशेष रुचि दिखाई तथा अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।