Date/14/08/2026
नई टिहरी/देहरादून। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा न्यू टिहरी में आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत आज विशेष फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शनी में प्रदर्शित स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवपूर्ण यात्रा तथा देश के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की सराहना की।
नई टिहरी में आयोजित इस विशेष फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक विरासत तथा वर्ष 1947 के विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित तिरंगा रैली में चम्बा ब्लॉक के कई स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर श्रीदेव सुमन पार्क से निकली रैली ने लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रैली के दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया गया। रैली में अपर जिला मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। शैलेन्द्र और कमलेश ने इस दौरान छात्रों से अभियान में प्रतिभाग करने और एक बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया।