90 किराएदारों वाले जर्जर भजन आश्रम भवन का मामला गंभीर, डीएम ने दिए तत्काल एक्शन के निर्देश

Date/07/09/2026

देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस, सीएम घोषणा एवं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा भी की और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता एवं समयबद्वता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भजन आश्रम भवन संख्या-2 तथा तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भवन खाली नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने संभावित दुर्घटना की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम ऋषिकेश एवं नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने भूमि धोखाधड़ी का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी तथा उन्हें 90 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को मामले की जांच के निर्देश दिए।

रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अतिरिक्त 30.75 लाख रुपये उधार दिए गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा धनराशि वापस नहीं की जा रही है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए सीओ रायपुर को निर्देशित किया।

ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर छत की मरम्मत न होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके की जांच कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के कारण बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एनएच के अधिकारियों को सड़क को शीघ्र सुगम बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *