छह दशक की उपलब्धियों का जश्न बना एमपीएस का 60वां स्थापना दिवस समारोह

Date/01/10/2026

मसूरी। मसूरी पब्लिक स्कूल का 60वां स्थापना दिवस एवं डायमंड जुबिली समारोह विद्यालय सभागार में हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यालय की छह दशकों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और समृद्ध परंपराओं को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया गया। मुख्य अतिथि आईटीएम की डीन एवं वैज्ञानिक अनिता पुरी महेंद्रा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह के प्रथम चरण में प्रातः 11 बजे पीटी एवं योग प्रदर्शन के साथ कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य, हिंदी एवं अंग्रेजी गीत-नृत्य, विद्यालय बैंड तथा ‘तेनाली राम’ और ‘जामुन का पेड़’ नाटकों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पाश्चात्य एवं लोकनृत्यों की जुगलबंदी भी आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने वर्षभर विद्यालय में आयोजित शैक्षणिक, खेल एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी। समारोह में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों के लिए पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।

शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नादिर आजम, उभरती छात्रा के रूप में खुशी सोनकर तथा इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में टॉपर मो. फरमान को सम्मानित किया गया। विज्ञान वर्ग में सिद्धार्थ पुडीर, वाणिज्य वर्ग में तनमय वर्मा तथा हाईस्कूल वर्ग में अक्षत राणा, दक्ष नौटियाल, रियान्श सिंह और प्रिंस सिंह को सम्मान मिला।

खेलों में अक्षत सजवाण को बेस्ट हॉकी खिलाड़ी, निशा पंवार को बेस्ट थ्रोबॉल खिलाड़ी, गौरव पंवार को बेस्ट फुटबॉलर तथा आदित्य रावत को उभरते खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया। कंप्यूटर क्षेत्र में अर्णव गोयल, स्टेज आर्टिस्ट के रूप में सार्थक वर्मा और मददगार छात्र के रूप में लक्ष्य कुमार को सम्मानित किया गया।

संस्कार कुमार एवं प्रिंस को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ तथा शोएबा को कमेंडेशन अवार्ड प्रदान किया गया। हाउस गतिविधियों में धर्मा हाउस को बेस्ट हाउस, ज्वाला सदन को बेस्ट हाउस सपोर्टर्स तथा ज्वाला हाउस को कुक हाउस ट्रॉफी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि अनिता पुरी महेंद्रा ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन, रचनात्मकता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *