डीबीएस पीजी कॉलेज छात्रसंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिनव काफिला ने लिया आशीर्वाद

Date/05/10/2026

देहरादून। डीबीएस महाविद्यालय छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिनव काफिला ने आज अपने संगठन एनएसयूआई के साथियों व पूर्व छात्र नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना से उनके ई.सी. रोड स्थित कार्यालय में भेंट कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। श्री धस्माना ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने डीबीएस कॉलेज व पूरे राज्य की उच्च शिक्षा की स्थिति पर चर्चा करते हुए छात्र नेताओं को राज्य की ध्वस्त पड़ी शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए रचनात्मक आंदोलन चलाने का आह्वान किया।

श्री धस्माना ने कहा कि प्रदेश में चाहे प्राथमिक शिक्षा हो, माध्यमिक हो या उच्च शिक्षा, सभी पर भाजपा सरकार की नीतियों का बेहद खराब असर पड़ा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि सरकार राज्य में निजी विश्वविद्यालयों को फायदा पहुंचाने के लिए उच्च शिक्षा को आम छात्र के लिए दुर्लभ बनाने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि 2019 से उत्तराखंड के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में नियुक्तियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है, जिसके कारण अनेक महाविद्यालय बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इस मुद्दे पर छात्र संगठनों और विशेष तौर पर एनएसयूआई को एकजुट होकर आंदोलन करना चाहिए। श्री धस्माना से मुलाकात करने वाले प्रमुख छात्र नेताओं में डीबीएस कॉलेज छात्र संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिनव काफिला, विनीत प्रसाद भट्ट (पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव, उत्तराखंड कांग्रेस), रॉबिन त्यागी (पार्षद, देहरादून नगर निगम), सिद्धार्थ अग्रवाल (पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, डीएवी कॉलेज देहरादून), आदित्य रौथाण (कांग्रेस मंडल अध्यक्ष, लाडपुर), मुकेश बसेड़ा (प्रदेश सचिव, एनएसयूआई), हर्ष राणा (पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष, डीबीएस कॉलेज देहरादून), सौरभ सेमवाल, दीपांशु भंडारी, कारन कन्याल सहित अनेक एनएसयूआई कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *