पोखड़ा को मिली 275.63 लाख की सड़क की सौगात

Date/07/10/2026

पोखड़ा (पौड़ी गढ़वाल)। पोखड़ा (पौड़ी गढ़वाल) चैबट्टाखाल विधानसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सड़क, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक लोक कल्याणकारी योजनाओं पर काम चल रहा है। उक्त बात प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन बुधवार को विकासखण्ड पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउदेशीय शिविर में प्रतिभाग करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पोखड़ा विकासखण्ड में अनेकों विकास कार्य किए गए हैं। दूरस्थ कोला क्षेत्र में वर्षों से लम्बित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रूपये स्वीकृत कराये गये। इस योजना से क्षेत्र के चालीस छोटे-बडे़ गांव व तोकों की जनता पेयजल सुविधा से लाभान्वित होगी। इसके अलावा कोला-1 व कोला-2 को मोटर मार्ग से मिलाने के लिए 31 लाख 51 हजार रूपये स्वीकृत कराये गये। यह कार्य पूर्ण भी हो गये है। बिजोरापानी से कुण्जखाल आवश्यक स्थानों पर 56 लाख रूपये की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण कराया गया। विधायक निधि से इस क्षेत्र में एक करोड़ रूपये की लागत से हर ग्राम पंचायत में अनेकों कार्य सम्पन्न कराये है। इसके अतिरिक्त स्कूलों के भवन, क्षेत्र में सौर उर्जा, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर ग्राम सभा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दस करोड़ रूपये से अधिक कार्य सम्पन्न कराये गये है।

श्री महाराज ने विकासखंड पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में स्टालों का अवलोकन करने के साथ साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनका निराकरण किया। इस दौरान उन्होंने पोखड़ा विकासखण्ड में 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार की धनराशि से निर्मित बिजोरापानी-कुंज खाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमीग्राम से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण करने के साथ-साथ 70.75 लाख की धनराशि की विकासखण्ड जयहरीखाल के अन्तर्गत तसीला लिंक मोटर के सुधारीकरण और घेरुवा से गुजरखण्ड मलाणा तक 93.17 लाख की धनराशि से निर्मित होने वाले मोटर मार्ग के द्वितीय चरण स्टेज-1 का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान श्री महाराज ने सेवा संकल्प अभियान के तहत अपने निवास स्थान विकास खंड पोखड़ा स्थित सेड़ियाखाल में मुख्यमंत्री कोष से लाभार्थियों को चेक भी वितरित करने के साथ-साथ एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम के दौरान पोखड़ा भाजपा मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन,जिला महामंत्री महिपाल नेगी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, विधायक प्रतिनिधि प्रभूरारण बुड़घकोटी, ब्लाक प्रमुख संजय गुसाई, जिला पंचायत सदस्य बलवन्त सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य, सत्य प्रकाश शाह, सुनील, विकास, धर्मेन्द्र, मस्तराम बड़ोला, मधुवाला, नरेश विनोद बिन्जोला, सुन्दर सिंह, जगदीश जखमोला, सुभाष जोशी, महेशानन्द जोशी, हयात सिंह सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *