Date/08/10/2026
मसूरी। शिक्षाविद, बहुभाषी लेखक एवं समाजसेवी धर्म सिंह फर्स्वाण ने जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थियों के बीच हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से स्वलिखित हिन्दी भाषा सीखने संबंधी पुस्तकों का वितरण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी एवं सभासद गीता कुमाई मौजूद रहीं।
धर्म सिंह फर्स्वाण ने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से जुड़े विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि हिन्दी सीखना केवल एक नई भाषा सीखना नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत, साहित्य, इतिहास और परंपराओं को समझने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि हिन्दी का ज्ञान विद्यार्थियों को देश के विभिन्न हिन्दी भाषी क्षेत्रों से जुड़ने तथा अपनी संस्कृति और विरासत को व्यापक स्तर पर साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और मानवीय मूल्यों को जोड़ने वाला सशक्त सेतु भी है।