मिठाई की दुकानों से लेकर ऑनलाइन स्टोर तक छापेमारी, काजू कतली, सोन पापड़ी और मिल्क केक के नमूने जांच को भेजे

Date/31/10/2026

देहरादून। त्योहारी सीजन में आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर देहरादून में भनियावाला, रानीपोखरी, डोईवाला और जीएमएस रोड क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों की जांच से लेकर मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने वाले स्टोर का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और 150 किलोग्राम संदिग्ध मावा नष्ट कराया गया, जबकि विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला भेजे गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में भनियावाला और रानीपोखरी क्षेत्र में सुबह पांच बजे से बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या यूके 08-सीए 7149 की जांच की गई। वाहन में साजिद, जसोदपुर, सुल्तानपुर, हरिद्वार की ओर से लाया गया करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में वितरित किया जा रहा था। विभागीय टीम ने पनीर का नमूना लेकर शेष पनीर नष्ट करा दिया। इसी क्रम में बोलेरो वाहन संख्या यूके 08-सीए-3551 की जांच के दौरान शहजाद, अकबरपुर, क्लासों, भगवानपुर, हरिद्वार की ओर से लाया गया करीब 150 किलोग्राम संदिग्ध मावा मिला। मावा वाहन की सीटों के नीचे पैरों के पास रखा गया था और उसमें दुर्गंध भी आ रही थी। खाद्य सुरक्षा टीम ने इसका नमूना लेकर शेष मावा नष्ट करा दिया। दोनों मामलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित परिवहन को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *