राहगीरों की परेशानी पर पालिका सख्त, सड़क किनारे खड़ी नौ स्कूटी जब्त

Date/03/11/2026

मसूरी। पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाले मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी रेंटल स्कूटी के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने कार्रवाई करते हुए नौ स्कूटी जब्त कर लीं। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जा रहे इन दोपहिया वाहनों के कारण राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पालिका ने यह अभियान चलाया।

नगर पालिका परिषद की ओर से चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी रेंटल स्कूटी को पालिका के वाहन में भरकर जब्त किया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही रेंटल स्कूटी संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने पालिका की टीम के पहुंचने से पहले ही अपनी स्कूटी हटा ली, जबकि मौके पर खड़ी नौ स्कूटी को जब्त कर लिया गया।

पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाले मार्ग पर लगातार रेंटल स्कूटी खड़ी किए जाने से सड़क संकरी हो रही थी। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों की ओर से इस संबंध में नगर पालिका परिषद को लगातार शिकायतें की जा रही थीं।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पिक्चर पैलेस-नगर पालिका मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी की जा रही नौ रेंटल स्कूटी को जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य शहर की सड़कों को व्यवस्थित रखना और आम लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात दिलाना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *