केदारनाथ यात्रा में हाईटेक ट्रैफिक मैनेजमेंट का नया मॉडल, 200 कैमरे और 4 ड्रोन से हो रही रियल-टाइम निगरानी

Date/01/05/2026

रुद्रप्रयाग। इस वर्ष केदारनाथ यात्रा आधुनिक तकनीक और सुदृढ़ प्रबंधन के दम पर सुव्यवस्थित संचालन का नया उदाहरण बनती नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के नेतृत्व में तैयार की गई व्यापक ट्रैफिक योजना ने यात्रा मार्ग को पहले से कहीं अधिक सुगम और नियंत्रित बना दिया है।

यात्रा के दौरान वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए जनपद में 7 स्थायी और 11 अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिससे सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बन रही। वहीं, 16 बॉटलनेक पॉइंट्स और 12 सक्रिय भूस्खलन जोन पर पुलिस बल की तैनाती कर यातायात को निर्बाध रूप से संचालित किया जा रहा है।

ट्रैफिक नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए 7 बैरियर और 13 हॉक जोन स्थापित किए गए हैं, जहां से लगातार निगरानी और संचालन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्ग के 11 और सड़क मार्ग के 10 स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, 7 टूरिस्ट पुलिस सहायता केंद्र यात्रियों को मार्गदर्शन और त्वरित सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इस बार हाईटेक तकनीक ट्रैफिक प्रबंधन की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। पूरे यात्रा मार्ग पर 10 एएनपीआर कैमरे, 200 फिक्स एवं पीटीजेड कैमरे और 4 ड्रोन सर्विलांस जोन के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। 21 महत्वपूर्ण स्थानों को सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय और कार्रवाई संभव हो पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *