पालिका ने रात साढ़े दस बजे मॉल रोड पर चलाया सफाई अभियान, अवैध फड़ हटाए, संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Date/18/06/2026

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी ने नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से रात्रि साढे़ दस बजे मॉल रोड पर विशेष निरीक्षण एवं सफाई अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने स्वयं मौके पर पहुंचकर रात्रिकालीन सफाई कार्यों का निरीक्षण किया तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को विष्णु पैलेस से पिक्चर पैलेस बस स्टैंड तक सघन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान सड़क, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई। अभियान के दौरान मॉल रोड पर लगाए गए अवैध फड़ों एवं अतिक्रमणों को भी हटाया गया। अधिशासी अधिकारी ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति द्वारा अत्यंत पुरानी एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री बेचे जाने का मामला सामने आया। पालिका टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया तथा संबंधित व्यक्ति को आवश्यक निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद मसूरी ने नागरिकों एवं व्यापारियों से स्वच्छता एवं नियमों के पालन में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *