Date/03/08/2026
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड विजय कुमार जोगदंडे एवं जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चैहान की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार, देहरादून में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, मंत्रियों एवं सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा बूथ स्तर पर मतदाताओं तक आयोग की जानकारी पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है। जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चैहान ने कहा कि जनपद की सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से ऐसे मतदाता जिनके अभिलेखों में विसंगतियां हैं, जिनकी मैपिंग शेष है अथवा जिनके प्रपत्र-6, 7 एवं 8 प्राप्त हुए हैं, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में बताया गया कि जनपद की 10 विधानसभा सीटों में कुल 20.45 लाख पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य संचालित है। जनपद में कुल 11,90,805 प्रारूप मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,95,772 मतदाताओं के अभिलेखों में विसंगतियां तथा 1,52,170 मतदाताओं की मैपिंग शेष है। कुल 5,47,942 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं, जिनमें से 3,91,810 मतदाताओं तक नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि 03 अगस्त से सभी विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित मतदान स्थलों पर सुनवाई प्रारंभ कर दी गई है, जो विधानसभावार निर्धारित तिथियों तक चलेगी। सुनवाई के दौरान मतदाता निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण करा सकेंगे।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 एवं बीएलए-2) की नियुक्ति की जा रही है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से अधिक से अधिक बीएलए नियुक्त करने का अनुरोध किया गया, ताकि पुनरीक्षण कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।