Date/09/08/2026
देहरादून। भाजपा में आज रिकॉर्ड संख्या में पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और सैकड़ों विभिन्न दलों के नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा, राष्ट्र सर्वोपरि की सैन्य विचारधारा पर आगे बढ़ते हुए, देवभूमि में लगातार तीसरी बार कमल खिलने वाला है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, दिल्ली से आने वालों का आत्मविश्वास शून्य है, इसलिए यहां आकर झूठ बोलते हैं। लेकिन उनका यह झूठ किसी भी कीमत पर, मोदी और भाजपा के प्रति वीरभूमि और देवभूमि के विश्वास को डिगा नहीं सकता है। पार्टी मुख्यालय में हुए इस ज्वाइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई। जिनमें सदस्यता लेने वालों में प्रमुख नामों में शामिल थे यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता सेवानिवृत कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा कर्नल इस सी शर्मा, शहीद पत्नी और प्रसिद्ध लोकगायिका महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी लक्ष्मी तोमर और अपना घर से जुड़े समाजसेवी इलियास अहमद।
इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा, आज कार्यालय में चारों तरफ पूर्व सैनिक नजर आ रहे हैं और आपके सबसे प्रिय नारे भारत माता की जय और वंदे मातरम भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि में सबसे अहम है। लिहाजा आजादी के प्रेरणाश्रोत वंदे मातरम के पूर्ण गायन को प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त से संवैधानिक रूप से अनिवार्य किया था। जिसके अपमान पर वर्तमान सत्र में विधेयक पास कर आजादी के इस सबसे बड़े हथियार को प्रधानमंत्री जी ने अधिक सम्मान देने का प्रयास किया है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से चर्चा करते हुए कहा कि 1980 में भारतीय जनता पार्टी बनी और लगभग 45-46 साल का कार्यकाल पूर्ण हुआ है। लेकिन आजादी आंदोलन के अंतिम कालखंड में देश में लगभग एक ही दल का शासन था। उस समय एक संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार को विचार आया कि कौन गारंटी देगा कि देश दोबारा गुलाम न हो। इसलिए उन्होंने राष्ट्रभक्त लोगों का एक संगठन बनाया आरएसएस। उसी संस्था के स्वयंसेवकों और विचारों से शुरुआत हुई जनसंघ की, जो आज विस्तृत रूप में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के रूप में आपके सामने है।
घ्कश्मीर को साथ रखने के लिए अपना जीवन बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पीएम मोदी ने धारा 370 हटाकर साकार किया है। हमसे पहले जिन्होंने देश पर सबसे अधिक शासन किया उन्होंने सैनिकों की युद्ध में हासिल जीत को बातचीत की टेबल पर हार में बदल दिया, सैनिकों की सुरक्षा को दरकिनार करने के साथ उनके मनोबल को भी तोड़ने का काम किया। कहा, आज भी वही राष्ट्र है, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी ने सेना का आधुनिकरण कर दुनिया की बेहतरीन फौज में तब्दील किया है। कांग्रेस सरकारों की तरह आज सैनियों के हाथ नहीं बांधे हुए हैं, दुशमन के प्रत्येक हमले का मुंह तोड़ जवाब दिया जाता है। सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, एयर स्ट्राइक और आतंकवादियों एवं नक्सलियों का खत्मा इसका जीता जागता सबूत हैं। कल्पना करिए आप, गोली से बचने की जैकेट नहीं होती थी, हथियार हमारे नहीं होते थे। आज पहली बार इन 10-12 वर्षों में मोदी जी ने यदि किसी भी क्षेत्र को सबसे सशक्त किया है तो वो है सेना और सुरक्षा। आज सारे हथियार देश के अंदर बन रहे हैं। ऐसे हथियार आ रहे हैं कि पाकिस्तान की जो मिसाइल आती है, एक भी मिसाइल भारत की धरती पर नहीं गिरती है। आज हमारे सैन्य सामर्थ्य का दुनिया लोहा मान रही है।