Date/09/08/2026
देहरादून। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री सत्य साईं सेवा संगठन एवं साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल की ओर से केसरवाला तथा धूलकोट में संयुक्त रूप से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। वृक्षारोपण इस कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य अतिथि जनरल ए.के. बक्शी ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। वृक्षारोपण करते हुए मुख्य अतिथि जनरल ए.के. बक्शी ने कहा कि पेड़-पौधों को केवल पौधा न समझकर अपने परिवार के सदस्य की तरह उनका लालन-पालन और संरक्षण करना चाहिए। जब समाज सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी उठाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण विरासत में दिया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन का प्रमुख आधार हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वृक्षारोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जनरल ए.के. बक्शी ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल के विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण निवेश है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने केसरवाला क्षेत्र के लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं धूलकोट में अजय स्वरूप ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सोनिया धीर, बीना जोशी, रीता पंत, राधा वल्लभ, चांद वल्लभ, कलम सिंह, उमा रावत, अभिलाष सिंह, धीरेंद्र सिंह जड़धारी, कुंवर सिंह, धन बहादुर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।