बुजुर्गों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था

Date/10/08/2026

देहरादून। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें आयुक्त के समक्ष रखीं। आयुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों तथा विभागीय स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कतिपय शिकायतें 180 दिनों से अधिक समय से लंबित पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर ऐसी सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।

बुजुर्ग फरियादियों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी स्वास्थ्य जांच

समाधान दिवस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादी अपनी बारी की प्रतीक्षा के दौरान स्वास्थ्य जांच का लाभ भी प्राप्त कर सकें।

सड़क, सुरक्षा दीवार और आपदा से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई

खत कोरू विकास समिति के अध्यक्ष ने कालसी विकासखंड में लंबे समय से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य शुरू न होने की शिकायत की। इस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रधान बड़ासी ग्रांट ने सौंग नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने तथा नदी के पानी का बहाव आबादी क्षेत्र की ओर होने से संभावित नुकसान की आशंका जताई। आयुक्त ने प्रभागीय वनाधिकारी को मौके की जांच कर सौंग नदी तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत बड़ासी ग्रांट में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अजबपुर कलां स्थित बैंक कॉलोनी में बरसात का पानी घरों में घुसने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

कालसी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह चैहान ने ग्राम पंचायत सलगा के अंतर्गत डेगडा खंड में भारी वर्षा से पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपदा मद में तत्काल आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आराघर निवासी मंचल बाला द्वारा पिछले वर्ष वर्षा से क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत के लिए अहेतुक सहायता नहीं मिलने की शिकायत पर तहसीलदार को मौका मुआयना कर एसडीआरएफ मानकों के अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *