Date/01/09/2026
देहरादून। उत्तराखंड की कला और सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग से जुड़े दो कलाकारों को युवा उत्तराखंड सिने अवॉर्ड (वाईयूसीए) में सम्मानित किया गया। एमए थिएटर द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी एवं अभिनेता-रंगकर्मी सुनील सिंह को फिल्म रैबार में मुख्य भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता तथा थिएटर विभाग की फैकल्टी एवं वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. कैलाश कंडवाल को गढ़वाली फिल्म घपरोल के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक अभिनय का पुरस्कार प्रदान किया गया। टिहरी गढ़वाल के नौघर गांव निवासी सुनील सिंह का अभिनय से जुड़ाव बचपन से रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज लमगांव से 12वीं की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने देहरादून से स्नातक किया। अभिनय के जुनून ने उन्हें मुंबई तक पहुंचाया, जहां उन्होंने विभिन्न अभिनय कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षण लिया। इसके बाद वे थिएटर और स्ट्रीट प्ले से लगातार जुड़े रहे। सुनील ने हिंदी वेब सीरीज गन्स एंड गुलाब्स, कई डॉक्यूमेंट्री और गढ़वाली फिल्मों में अभिनय किया है। फिल्म श्ढोलीश् में उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर, लाइन प्रोड्यूसर और सहायक के रूप में भी कार्य किया है।
यूका 2026 में सुनील सिंह को फिल्म रैबार के लिए मिले सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के साथ फिल्म ने आठ नामांकनों में से सात पुरस्कार अपने नाम किए। फिल्म की टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। सुनील की आगामी फिल्मों में चंद्रा और ढोली शामिल हैं। वहीं, डॉ. कैलाश कंडवाल पिछले 34 वर्षों से रंगमंच और फिल्म विधा से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग में फैकल्टी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पान सिंह तोमर, श्यारा, रोटू का राज, पिंटी का साबुन, अंजवाल, दुनाली और वापसी सहित कई फिल्मों में अभिनय किया है। इसके अलावा वे सावधान इंडिया जैसे टीवी धारावाहिकों तथा गन्स एंड गुलाब्स वेब सीरीज में भी अभिनय कर चुके हैं।