Date/11/09/2026
मसूरी। नगर पालिका परिषद के एक मात्र डिग्री कालेज एमपीजी कालेज में अधिकृत नियंत्रक एसडीएम मसूरी को बनाया गया है और उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद कालेज की समस्याओं को सुना व कालेज का निरीक्षण कर शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए प्रधानाचार्य सहित शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एमपीजी कालेज की व्यवस्था को सुधारने व शैक्षिक वातावरण बनाने के लिए अधिकृत नियंत्रक का पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने कालेज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया व शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व प्रभारी प्रधानाचार्य डा. सुनील पंवार के साथ समस्याओं को लेकर बात की व जरूरी निर्देश दिए। वार्ता के दौरान सबसेे बड़ी संमस्या कालेज के शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को छह माह से वेतन न दिए जाने की समस्या पर एसडीएम ने कहा कि वेतन जारी करने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गयी है व शीघ्र सभी को वेतन मिल जायेगा। वहीं करीब ढाई साल से शिक्षक का कार्य कर रहे नौ शिक्षकों के मामले में भी शीघ्र निर्णय लिए जाने का भरोसा दिया। इस मौके पर एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि कालेज शिक्षा का मंदिर होता है यहां पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए, कालेज की गरिमा को बनाये रखने व शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए सभी को मिल कर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि 1963 में बनाये गये इस महाविद्यालय से कई लोग पढे है व देश के उच्च पदों पर रह चुके है, प्रयास रहेगा कि इसकी खोयी प्रतिष्ठा को वापस लाया जा सके, इसके लिए सभी को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कालेज में स्थायी प्रधानाचार्य की तैनानी करने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जायेगी ताकि कालेज की व्यवस्थाओं में सुधार हो सके वहीं नये रोजगार परक विषय लाने का भी प्रयास किया जायेगा ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। कालेज का निरीक्षण करने के बाद एसडीएम राहुल आनंद ने एमडीडीए व नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को आवश्यक सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कालेज परिसर में पार्कि्रग को अवैध बताया व कहा कि परिसर में किसी भी वाहन को खड़ा नहीं करने दिया जायेगा। ताकि महाविद्यालय में छात्रों की सुरक्षा व शैक्षणिक वातावरण तैयार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि कालेज के प्रांतीयकरण की कार्रवाई शुरू हो चुकी है, इस प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कार्रवाई पूरी की जायेगी। इस मौके पर कालेज में नियंत्रक का पदभार ग्रहण करने आये एसडीएम राहुल आनंद का प्रधानाचार्य डा. सुनील पंवार ने स्वागत किया व कालेज की समस्याओं से भी अवगत कराया। इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षक भी मौजूद रहे।