अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की हुंकार, सीबीआई जांच में देरी के खिलाफ गंगा भोगपुर में विशाल धरना

Date/18/09/2026

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की बरसी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गंगा भोगपुर निकट बनंत्रा रेस्टोरेंट यमकेश्वर में श्रद्धांजलि सभा एवं सीबीआई जांच में देरी को लेकर विशाल धरना प्रदर्शन। कार्यक्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित वरिष्ठ नेतागण एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कांग्रेस पार्टी ने अंकिता को न्याय दिलाने, हत्याकांड की सीबीआई जांच में हो रही देरी तथा कथित ‘वीआईपी’ प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग को लेकर जोरदार आवाज बुलंद की। श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक बेटी नहीं थी, बल्कि उत्तराखंड की लाखों बेटियों की आवाज और सम्मान का प्रतीक बन चुकी हैं। उनके परिवार को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड के इतने समय बाद भी सीबीआई जांच की प्रगति को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक न होना गंभीर चिंता का विषय है। सरकार को प्रदेश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि जांच कहां तक पहुंची है और कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई कब सामने आएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि उस वीआईपी का नाम और भूमिका क्या थी, जिसका उल्लेख इस प्रकरण में लगातार सामने आता रहा है। सरकार को किसी भी तथ्य को छिपाने के बजाय निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाना किसी राजनीतिक दल का मुद्दा मात्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास का सवाल है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में सरकार पर लगातार दबाव बनाएगी और जब तक अंकिता को पूर्ण न्याय एवं कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक जनसंघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *