उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए यूएडब्ल्यूई का शुभारंभ

Date/10/10/2026

देहरादून। उत्तराखण्ड में वेडिंग, इवेंट्स, हॉस्पिटैलिटी और इनसे जुड़े उद्योगों के हितधारकों को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड एसोसिएशन ऑफ वेडिंग्स एंड इवेंट्स (यूएडब्लूई) का शुभारंभ देहरादून स्थित ताज फुटहिल्स में किया गया। शुभारंभ समारोह में वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजमेंट कंपनियों, हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों, विभिन्न विक्रेताओं और उद्योग से जुड़े अन्य पेशेवरों ने भाग लिया। इस अवसर पर वेडिंग इंडस्ट्री के दिग्गज ऋतुराज खन्ना और प्रसिद्ध वेडिंग कंसल्टेंट प्रेरणा सक्सेना की गरिमामयी उपस्थिति रही। यूएडब्लूई का उद्देश्य उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख वेडिंग, इवेंट्स और समारोह स्थलों में स्थापित करना है। इसके लिए एसोसिएशन उद्योग से जुड़े लोगों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने, व्यावसायिक मानकों को प्रोत्साहित करने, नैतिक व्यावसायिक प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने और कौशल विकास की दिशा में कार्य करेगा।

इस अवसर पर यूएडब्लूई के संस्थापकों ने कहा, “उत्तराखण्ड में वेडिंग और इवेंट्स क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिभाशाली पेशेवर इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम हैं। हमारा उद्देश्य उद्योग से जुड़े सभी लोगों को एक साझा मंच पर लाना है, जहां व्यवसाय आपस में सहयोग कर सकें, ज्ञान साझा कर सकें और नए अवसरों के लिए सामूहिक रूप से काम कर सकें। यूएडब्लूई किसी एक व्यवसाय के बारे में नहीं, बल्कि पूरे उद्योग की प्रगति और विकास के बारे में है।” एसोसिएशन उद्योग से जुड़े लोगों के बीच नेटवर्किंग, व्यावसायिक विकास, उत्तराखण्ड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देने तथा सरकारी निकायों और संस्थानों के साथ रचनात्मक संवाद स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसके माध्यम से स्थानीय व्यवसायों, सेवा प्रदाताओं, कलाकारों और इस क्षेत्र से जुड़े युवा पेशेवरों के लिए नए अवसर सृजित करने का भी प्रयास किया जाएगा। यूएडब्लूई के दायरे में वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां, होटल, रिसॉर्ट, वेन्यू, डेकोरेटर्स, कैटरर्स, फोटोग्राफर्स, प्रोडक्शन कंपनियां, कलाकार, विक्रेता और अन्य संबद्ध सेवा प्रदाता शामिल हैं। सदस्यता और एसोसिएट पार्टनरशिप की व्यवस्था के माध्यम से एसोसिएशन का लक्ष्य इन सभी हितधारकों के बीच सार्थक संवाद, मजबूत व्यावसायिक संबंध और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *