पहाड़ों की शुद्ध हवा और योगाभ्यास ने बनाया यादगार अनुभव, मुंबई के पर्यटक हुए तनावमुक्त

Date/25/10/2026

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी की शांत वादियों, खुशनुमा मौसम और शुद्ध हवा के बीच मुंबई से घूमने आए पर्यटकों ने योगाभ्यास कर सुकून के पल बिताए। रोजमर्रा की भागदौड़ और तनाव से दूर प्रकृति की गोद में आयोजित विशेष योग सत्र उनके लिए यादगार अनुभव बन गया। योग शिक्षिका लक्ष्मी उनियाल ने पर्यटकों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने, मन को शांत करने और तनाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक लचीलापन बढ़ता है और कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग और व्यायाम के लिए समय निकालने की अपील की।

मुंबई से मसूरी घूमने आई पर्यटक नम्रता ने कहा कि शांत वातावरण में सुबह के समय योगाभ्यास करने से उन्हें विशेष सुकून मिला। उन्होंने कहा कि महानगर की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव आम बात है, लेकिन मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच योग करने से मन को शांति मिली और तनाव काफी कम महसूस हुआ। नम्रता ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करना चाहिए। इससे न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है। उन्होंने मसूरी की वादियों में योग के अनुभव को बेहद यादगार बताया। इस अवसर पर मुंबई से आए पर्यटकों के साथ राहुल जैन भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *