Date/04/11/2026
मसूरी। जॉर्ज एवरेस्ट की सरकारी संपत्ति को बाबा रामदेव के सहयोगी बालकृष्ण की कंपनी को लीज पर दिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने हाथीपांव स्थित जॉर्ज एवरेस्ट के निकट धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित धरने में प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कांग्रेस ने सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने पर सवाल उठाते हुए इसे प्रदेश के हितों के खिलाफ बताया।
धरना स्थल पर पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का स्वागत किया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ कार्यकर्ता उन्हें धरना स्थल तक लेकर पहुंचे। इसके बाद आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने जॉर्ज एवरेस्ट भूमि प्रकरण को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने प्रदेश की परिसंपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के नए तरीके अपनाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड की परिसंपत्तियों को बेचने का काम किया है। यूआईआईडीबी नामक संस्थान के माध्यम से करीब एक लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिसमें जॉर्ज एवरेस्ट की संपत्ति भी शामिल है।
गोदियाल ने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट की 144 हेक्टेयर भूमि को बालकृष्ण की कंपनी को मात्र एक करोड़ रुपये में लीज पर दिया गया। उन्होंने इस मामले में सरकार और संबंधित पक्षों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि इस भूमि का उपयोग प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र के विकास के लिए पहले अंतरराष्ट्रीय संस्था से ऋण लेकर करीब 22 से 23 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। ऐसे में इस संपत्ति को लीज पर दिए जाने को लेकर सरकार को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 11 स्थानों पर ऐसी भूमि के मामलों को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। उनके अनुसार, इस तरह के करीब 40 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जमीनों और परिसंपत्तियों को खुर्द-बुर्द करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस विरोध करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। गोदियाल ने कहा कि देश के गृहमंत्री के उत्तराखंड आगमन के दौरान इस प्रकरण को उनके संज्ञान में लाया जाएगा, ताकि मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित कार्रवाई की जा सके। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस प्रदेश में भ्रष्टाचार समाप्त करने और जनता के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।