लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के साथ ही विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और राज्य बाल वीरता पुरस्कार भी प्रदान किए

Date/06/11/2026

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए राज्य के विकास से जुड़ी 1475 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने उत्तराखंड फिल्म नीति के अंतर्गत घोषित लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के साथ ही विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार भी प्रदान किए। भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वे गुजरात से आते हैं, जहां यह मान्यता है कि चारधामों के दर्शन किए बिना व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती। आज उन्हें भगवान बदरीविशाल, बाबा केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब और कुंभ नगरी हरिद्वार की पावन धरती उत्तराखंड में आने का अवसर मिला है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण कर राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार किया, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड को संवारने का कार्य कर रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखंड ही होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्योत्सव को गौरव, सिद्धि और संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। गौरव इस बात का है कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया। सिद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में हो रहे कार्यों की है, जबकि संकल्प उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण के संरक्षण का है। उन्होंने कहा कि शौर्य उत्तराखंडवासियों की थाती रही है। नई पीढ़ी को वीरांगना तीलू रौतेली, वीर माधो सिंह भंडारी, विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली तथा जनरल बिपिन रावत के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना होगा।

वर्ष 2022 की तुलना में जीएसडीपी में 50 प्रतिशत की वृद्धि

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड की विकास यात्रा में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की विभूतियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार राज्य की विकास यात्रा में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के योगदान को सम्मान देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *