Date/05/04/2026
देहरादून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अरुणाचल प्रदेश के इटानगर में आयोजित मोपिन फेस्टिवल की गोल्डन जुबली समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय मंत्री किरण रिजुजी को मोपिन फेस्टिवल की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने स्थानीय जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल होकर त्योहार का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मोपिन फेस्टिवल प्रकृति, कृषि और समृद्धि का प्रतीक है, जो भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं को दर्शाता है। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों में भाग लेते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
कृषि मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक उत्सव देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करते हैं तथा विभिन्न राज्यों के बीच आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे तीज त्यौहार ही हमें एक सूत्र में बांधने का काम करता है। उन्होंने आगे कहा कि मोपिन फेस्टिवल केवल एक त्योहार नहीं बल्कि प्रकृति, आस्था संस्कृति और सामूहिक एकता का जीवंत प्रतीक है, जो जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता का संदेश देता है।