Date/08/04/2026
मसूरी। मसूरी वन प्रभाग के अंतर्गत रायपुर रेंज में आरक्षित वन क्षेत्रों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने हेतु विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान उप प्रभागीय वनाधिकारी, मसूरी वन प्रभाग डॉ. उदय गौड़ के नेतृत्व में लाडपुर एवं रिंग रोड स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में आयोजित किया गया जिसमें जंगल से कूड़ा व प्लास्टिक को एकत्र किया गया व उसका निस्तारण किया गया।
अभियान के दौरान वन क्षेत्र से प्लास्टिक एवं अन्य कूड़ा-करकट का संग्रहण एवं निस्तारण किया गया। इस अवसर पर डॉ. गौड़ ने आम जनताका आहवान किया कि आरक्षित वन क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण न करें। उन्होंने बताया कि वन केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनकी सुरक्षा हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि अपने घरों के कूड़े को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग सेग्रीगेट कर नगर निगम की कूड़ा संग्रहण गाड़ियों को ही सौंपें। जंगलों में फेंका गया कचरा न केवल पर्यावरण को प्रदूषित करता है, बल्कि वन्यजीवों के लिए खतरा उत्पन्न करता है तथा वनाग्नि की घटनाओं की संभावना को भी बढ़ाता है। उन्हांने यह भी अवगत कराया गया कि यदि कोई भी व्यक्ति जंगल में कूड़ा अथवा प्लास्टिक डालते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध वन अधिनियम एवं अन्य प्रचलित अधिनियमों की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, रेंज अधिकारी रायपुर को उक्त क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है। डॉ. गौड़ ने कहा वन हमारी सामूहिक संपदा हैं, उनकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता अभियान में वन दरोगा हरपाल सिंह, सरदार सिंह, वन बीट अधिकारी रेखा नेगी, सविता पंवार, राजमोहन नौटियाल सहित अन्य वन कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।