Date/21/09/2026
देहरादून। देहरादून के प्रमुख अंतरराज्यीय बस टर्मिनल आईएसबीटी को अब आधुनिक और सुविधायुक्त स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप देहरादून को बेहतर यातायात और नागरिक सुविधाओं वाला आधुनिक शहर बनाने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने आईएसबीटी के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण के कार्यों को गति दी है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में फैले इस महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र में लगभग 27.50 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। योजना का फोकस केवल भवन और ढांचे को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी है।
आईएसबीटी के कायाकल्प का पूरा काम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आधुनिक, व्यवस्थित और सुविधा संपन्न उत्तराखंड के विजन के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और योजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, इस दिशा में एमडीडीए लगातार काम कर रहा है। उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में आईएसबीटी के निर्माण, सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण के कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच रहे हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को केंद्र में रखते हुए पूरे परिसर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है।
आईएसबीटी में प्लेटफॉर्म के फर्श को बदलने के साथ आधुनिक सार्वजनिक शौचालय विकसित किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय, डोरमेट्री, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है। इसके साथ ही परिसर में लैंडस्केपिंग और ऊर्जा कुशल विद्युत व्यवस्था जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईएसबीटी से उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा देश के दूसरे राज्यों के लिए भी बड़ी संख्या में बसों का संचालन होता है। ऐसे में यहां प्रतिदिन आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को बेहतर करना परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है। निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की आवाजाही प्रभावित न हो और सुरक्षा मानकों का पालन हो, इसके लिए भी अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
आईएसबीटी के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति का एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्माण की गति की जानकारी ली। सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकास कार्यों के साथ आम यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।