Date/30/07/2026
देहरादून। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस को पूरे जनपद में गरिमापूर्ण, भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चैहान की अध्यक्षता में गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भव्य एवं भावपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा वर्ष 1947 के भारत विभाजन की विभीषिका से पीड़ित लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के साथ ही सामाजिक विभाजन और असामंजस्य को दूर करने, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव एवं मानव सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाए।
परेड ग्राउंड में दिखेगा देशभक्ति का भव्य उत्सव
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री प्रातः 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच राष्ट्रगान होगा और पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां भव्य परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि जनपदवासी इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बन सकें।