मुख्यमंत्री धामी ने एमडीडीए की 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Date/04/08/2026

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों को मंगलवार को नई गति मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में एमडीडीए की लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और एमडीडीए मिलकर केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ही नहीं कर रहे, बल्कि जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास का नया मॉडल तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरकुल में शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में लगभग 3.36 करोड़ रुपये की लागत से एमडीडीए द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्राधिकरण की चार महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सालावाला में लगभग 86 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं पुस्ता निर्माण, डोभालवाला में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण, विजय कॉलोनी में 1.32 करोड़ रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण तथा सालावाला में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नए सामुदायिक भवन का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार और एमडीडीए के समन्वित प्रयासों से सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, शहरी सुविधाओं और पर्यटन से जुड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन क्षेत्र का विकास राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देता है। इसी सोच के साथ पुरकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाल्दी नदी के किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा न्यू कैंट रोड क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी परियोजनाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य मसूरी विधानसभा क्षेत्र को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए हर वादे को बिना रुके और बिना थके पूरा कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून तथा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सुशासन और पारदर्शिता को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होमस्टे और मेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *